हरहुआ। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ बाजार स्थित पुरानी सब्जी मंडी के समीप बीती रात करीब 12 बजे जौनपुर से वाराणसी की ओर जा रहा एक ट्रेलर ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने रैंप से नाले पर चढ़ते हुए नाले के पास लगी स्ट्रीट लाइट तथा बिजली के हाईटेंशन पोल को तोड़ता हुआ एक मार्बल की दुकान के बाहर रखे महंगे मार्बल को क्षतिग्रस्त कर गड्ढे में जाकर रुक गया।
हादसे से जोरदार आवाज और चिंगारियां निकलने लगीं। आसपास के लोगों ने तत्काल बिजली सब स्टेशन पर फोन कर सप्लाई बंद करवाई।
बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक रामनरेश यादव (28 वर्ष), निवासी भुल्टिया टोला, थाना गढ़वा, सिंगरौली तथा खलासी श्रवण कुमार विश्वकर्मा (22 वर्ष) उपरोक्त पते के निवासी हैं। हादसे में चालक को हल्की चोट आई है, जबकि खलासी के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। दोनों को हरहुआ बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय मे इलाज चल रहा है।
ट्रेलर चालक ने बताया कि वह जौनपुर से बालू उतारकर बिहार जा रहा था। जैसे ही हरहुआ बाजार पहुंचा, उसे झपकी आ गई और ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे को तोड़ते हुए गड्ढे में फंस गया। चालक ने कहा कि स्थानीय लोगों की तत्परता से उनकी जान बच सकी।
टाइल्स एवं मार्बल के दुकानदार का कहना है कि करीब पांच लाख रुपये मूल्य के मार्बल टूट गए हैं। हरहुआ पुलिस चौकी में लिखित तहरीर दी जाएगी। घटना के बाद हरहुआ क्षेत्र की बिजली लगभग सुबह 10 बजे तक प्रभावित रही बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए दूसरे फिटर से लाइन जोड़कर प्रभावित गांवों को बिजली सप्लाई चालू कर दी है वहीं हरहुआ बाजार की बिजली अभी भी प्रभावित है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



