google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

युवराज दत्त महाविद्यालय में एंटी रैगिंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

समाज जागरण संवाददाता

युवराज दत्त महाविद्यालय में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत एंटी रैगिंग जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच रैगिंग जैसी गंभीर समस्या के प्रति जागरूकता फैलाना तथा एक सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. हेमन्त कुमार पाल ने की। एंटी रैगिंग सेल के संयोजक प्रो. सुभाष चन्द्रा ने अपने संबोधन में रैगिंग को एक गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों के मानसिक एवं भावनात्मक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डालती है और शिक्षा के मूल उद्देश्यों के विपरीत है। उन्होंने छात्रों को आपसी सम्मान, सहयोग एवं सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।

डॉ. अजय वर्मा ने एंटी रैगिंग से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि रैगिंग की किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

प्रो. एस. के. पाण्डेय ने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके समाधान पर चर्चा की। वहीं मिशन शक्ति की संयोजिका प्रो. नीलम त्रिवेदी ने कहा कि महाविद्यालय छात्राओं की सुरक्षा और संवेदनशील वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रो. ज्योति पंत ने छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। डॉ. विशाल द्विवेदी ने महाभारत के उदाहरणों के माध्यम से नैतिक मूल्यों और संस्कारों की महत्ता को रेखांकित किया।

अंत में प्राचार्य प्रो. हेमन्त पाल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में रैगिंग को चिंताजनक प्रवृत्ति बताते हुए कहा कि महाविद्यालय परिसर को पूर्णतः रैगिंग मुक्त बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को रैगिंग न करने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)