समाज जागरण/ आदिवासी सुनील त्रिपाठी
चोपन/ सोनभद्र। ग्रेवाल मेमोरियल पार्क, प्रीतनगर में स्थानीय युवाओं के सहयोग से आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गुरुवार की रात बेहद रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। फाइनल मैच प्रीतनगर टीम और गौरव नगर टीम के बीच खेला गया, जिसमें प्रीतनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में प्रीतनगर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवरों में टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 52 रन बनाए और गौरव नगर की टीम के सामने 53 रनों का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गौरव नगर की टीम प्रीतनगर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 9 ओवर में मात्र 38 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस प्रकार प्रीतनगर की टीम ने 14 रनों से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सिम्पू को मैन ऑफ द मैच तथा पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन करने वाले अंगद सिंह को मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि देवब्रत उपाध्याय ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति एवं सभी खिलाड़ियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। शानदार कमेंट्री अरवाज खान ने किया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष महफूज आरिफ, अंशुमन कुमार, सतीश यादव, रामचंद्र विश्वकर्मा, राकेश सिंह, राजेंद्र प्रसाद, पवन उपाध्याय, शुभम शर्मा, सर्वजीत यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय नागरिक, युवा खिलाड़ी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



