google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में सड़कों पर उतरे सपाई, बबराला में प्रदर्शन

इंद्रा चौक पर कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी, अखिलेश यादव की रिहाई की मांग

बबराला। दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को बबराला के इंद्रा चौक पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अखिलेश यादव की रिहाई की मांग की।

मंगलवार को इंडिया गठबंधन के विपक्षी सांसदों ने दिल्ली में संसद से निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर मार्च किया था। मार्च के दौरान पुलिस ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया। विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सवाल उठा रहे थे।

इसी घटनाक्रम के विरोध में बबराला में सपा कार्यकर्ता इंद्रा चौक पर एकत्र हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व गुन्नौर विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’, ‘अखिलेश यादव को रिहा करो’ और ‘वोट चोरी बंद करो’ जैसे नारे लगाए।

चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता की मांग

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर निष्पक्षता और पारदर्शिता की मांग कर रही है। नेताओं ने कहा कि अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता एकजुट हैं और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

इस दौरान पूर्व चेयरमैन गुन्नौर मुजफ्फर अली कक्के, यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष पप्पू यादव, योगेश प्रधान, नगर अध्यक्ष पप्पू सैफी, अमान खान, अमित यादव और सीपी पाल सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव के साथ टीएमसी नेताओं अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ’ब्रायन समेत कई विपक्षी नेताओं को भी हिरासत में लिया गया था।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)