जिमी मिश्रा, समाज जागरण
बैंकॉक। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद कल्चरल सेंटर (SVCC), भारतीय दूतावास, बैंकॉक की ओर से 26 नवंबर 2026 को SVCC परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के ऐतिहासिक विकास, महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में थाईलैंड के कोर्ट ऑफ जस्टिस की न्यायाधीश सुश्री पूजा त्रिपाठी ने ‘भारत का संविधान और उसका इतिहास, सफर एवं संरक्षक’ विषय पर विस्तृत और विचारोत्तेजक व्याख्यान दिया। उन्होंने भारतीय संविधान की ऐतिहासिक यात्रा और उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूलभूत सिद्धांत भारतीय संविधान की आत्मा हैं। इन मूल्यों की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक है।
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी विशेष आकर्षण पैदा किया। SVCC में गायक एवं हारमोनियम और गायन के शिक्षक श्री संता सिंह ने मनमोहक हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया। उनके साथ तबले पर श्री गुरचरण सिंह, हारमोनियम पर श्री रमणीक सिंह तथा सहायक गायिका सुश्री प्रज्ञा परमिता गुप्ता ने संगत की। कलाकारों की मधुर प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया और उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथियों के साथ थाईलैंड में रहने वाले भारतीय समुदाय के सदस्य और बड़ी संख्या में संगीत एवं संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने संविधान पर आयोजित ज्ञानवर्धक चर्चा और संगीतमय प्रस्तुति का आनंद लिया।
कार्यक्रम ने विदेश में रह रहे भारतीय समुदाय को भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का संदेश दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.