23 से 28 मई तक बंद रहेंगी शाखाएं
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के करोड़ों ग्राहकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। यदि आप आने वाले दिनों में बैंक शाखा जाकर कोई वित्तीय कार्य निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो आपको पहले ही सतर्क हो जाना चाहिए। आगामी 23 मई से 28 मई 2026 तक लगातार छह दिनों तक एसबीआई की अधिकांश शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा, जिससे ग्राहकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
यह लंबी बंदी साप्ताहिक अवकाश, कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल और त्योहारों की छुट्टियों का मिला-जुला असर है। कैलेंडर के अनुसार, 23 मई को महीने का चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके तुरंत बाद 25 और 26 मई को बैंक कर्मचारी अपनी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। वहीं, 27 और 28 मई को बकरीद के त्योहार के चलते अधिकांश राज्यों में बैंकों में अवकाश रहेगा। अखिल भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर हो रही इस हड़ताल में कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार और प्रबंधन पर दबाव बना रहे हैं। प्रमुख मांगों में बैंक शाखाओं की सुरक्षा के लिए सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति, बढ़ते कार्यभार को कम करने के लिए नई भर्तियां और रिक्त पड़े चतुर्थ श्रेणी (संदेशवाहक) पदों को भरना शामिल है।
इसके अलावा, कर्मचारी नई पेंशन योजना में सुधार, पेंशन फंड प्रबंधक चुनने की स्वतंत्रता और आउटसोर्सिंग प्रथा को रोकने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर वित्तीय उत्पाद बेचने के बढ़ते दबाव पर भी कड़ी आपत्ति जताई है। लगातार छह दिनों तक शाखाएं बंद रहने की खबर से ग्राहकों में चिंता है, विशेषकर उन लोगों में जो नकद लेनदेन या चेक जमा करने के लिए शाखाओं पर निर्भर हैं। हालांकि, बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह से सुचारू रहेंगी। ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई (UPI) के माध्यम से धन हस्तांतरण और बिल भुगतान जैसी सेवाएं घर बैठे कर सकेंगे। साथ ही, एटीएम सेवाएं भी चौबीसों घंटे चालू रहेंगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि आधुनिक बैंकिंग तकनीक के दौर में डिजिटल सेवाएं राहत का साधन हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहकों को कुछ असुविधा हो सकती है। प्रबंधन ने ग्राहकों से अपील की है कि वे अपने महत्वपूर्ण वित्तीय कार्य समय रहते निपटा लें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



