पटना में सीएम आवास के पास मिली शराब की बोतल, बढ़ी राजनीतिक हलचल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ बिहार में पूर्ण शराबबंदी के दावों के बीच राजधानी पटना में सुरक्षा के लिहाज से सबसे संवेदनशील माने जाने वाले ‘मुख्यमंत्री आवास’ के समीप शराब की खाली बोतल मिलने से हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री आवास के पास सड़क किनारे एक महंगे विदेशी ब्रांड की खाली बोतल और बैग मिलने की सूचना मिलते ही सचिवालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बरामद शराब की बोतल किसी महंगे ब्रांड की है, जिसकी बाजार में कीमत चार से पांच हजार रुपये के बीच बताई जा रही है। वीआईपी जोन में शराब की बोतल मिलना प्रशासन के लिए बड़ी शर्मिंदगी और सुरक्षा चूक का मामला है। थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बोतल और बैग को कब्जे में लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों की पहचान कर ली जाएगी। ज्ञात हो कि बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन इस तरह की घटनाएं कानून के क्रियान्वयन पर लगातार सवालिया निशान लगा रही हैं। एक ओर जहां शराबबंदी का मुद्दा चर्चा में है, वहीं दूसरी ओर शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) को लेकर छात्रों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। परीक्षा की अधिसूचना जारी करने और बहाली की मांग को लेकर अभ्यर्थी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर सरकार पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने और पुलिस बल के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। तेजस्वी ने कहा कि भ्रष्टाचार रोकने के बजाय नौकरी मांग रहे युवाओं पर लाठीचार्ज करना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। विवाद को देखते हुए मुख्यमंत्री ने आज शाम 5 बजे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में TRE-4 भर्ती प्रक्रिया, रिक्तियों की स्थिति और अभ्यर्थियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। वहीं, दूसरी ओर राज्य भर में ‘नो व्हीकल डे’ के तहत पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें मंत्री पैदल कार्यालय पहुंच रहे हैं। अब सबकी नजरें मुख्यमंत्री की शाम की बैठक और शिक्षक भर्ती को लेकर सरकार द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)