google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के विक्रम में दिव्यांग ट्राई-साइकिल मरम्मत शिविर का आयोजित

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के विक्रम प्रखंड मुख्यालय स्थित बुनियादी केंद्र में दिव्यांग जनों के लिए एक विशेष ट्राई-साइकिल मरम्मत शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य दूर-दराज के गांवों से आए दिव्यांग जनों की खराब ट्राई-साइकिलों को दुरुस्त कर उन्हें फिर से आत्मनिर्भर बनाना था। शिविर में प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दिव्यांग जन अपनी खराब ट्राई-साइकिलों के साथ पहुंचे। तकनीकी टीम ने मौके पर ही तत्परता दिखाते हुए कई ट्राई-साइकिलों की मरम्मत की, जिससे लाभुक दिव्यांग जनों को काफी राहत मिली।

शिविर में अत्यधिक भीड़ और सीमित समय के कारण कुछ दिव्यांग जनों की साइकिलों की मरम्मत नहीं हो सकी। इसे लेकर मौके पर उपस्थित कुछ लोगों ने अपनी नाराजगी भी जाहिर की। स्थिति को समझते हुए बुनियादी केंद्र की प्रबंधक रामावती कुमारी ने कहा कि प्रशासन हर दिव्यांग जन की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रबंधक ने बताया की जिनकी ट्राई-साइकिलें आज ठीक नहीं हो पाई हैं, उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे सभी लोगों से आवेदन भरवा लिए गए हैं और उनके संपर्क सूत्र (मोबाइल नंबर) को सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर जल्द ही मरम्मत की अगली कड़ी पूरी की जाएगी और संबंधित लाभार्थियों को मोबाइल के माध्यम से सूचना दे दी जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)