सरकारी पेंशन योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा: 4 गिरफ्तार, ₹1.23 करोड़ की ठगी का खुलासा

जीवित व्यक्तियों के नाम पर बनाए गए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, विधवा और वृद्धावस्था पेंशन में हेरफेर

समाज जागरण / संवाददाता — बरेली : उत्तर प्रदेश पुलिस ने महिलाओं और बुजुर्गों की सरकारी पेंशन योजनाओं में बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। बरेली पुलिस ने ऐसी ठगी में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रलोभन देकर उनके आधार कार्ड और अन्य प्रमाण पत्र हासिल करते थे।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य जीवित व्यक्तियों के फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर उन्हें विधवा पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन का लाभार्थी दिखाते थे। इन योजनाओं की सहायता राशि को वे अपने और गिरोह के सदस्यों के बैंक खातों में स्थानांतरित कर गबन कर रहे थे।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से छह फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियां बरामद की हैं। अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि

  • 56 व्यक्तियों को विधवा पेंशन,
  • 4 व्यक्तियों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभार्थी दिखाया गया था।

इस फर्जीवाड़े में कुल ₹1,23,22,647/- की सरकारी धनराशि का गबन किया गया, जो सात अलग-अलग बैंक खातों में डाली गई थी।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस पूरे मामले को “Zero Tolerance Against Fraudsters” की नीति के तहत अंजाम दिया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और संबंधित खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया जारी है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)