google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

*भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सांसद हिमाद्री सिंह को सौंपा ज्ञापन, अमलाई में ट्रेन स्टॉपेज, बैंक शाखा, सीएससी और नए पोस्ट ऑफिस भवन की उठाई मांग*



*सांसद हिमाद्री सिंह ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर की चर्चा, शीघ्र निराकरण का दिया आश्वासन* अखिलेश सिंह

अनूपपुर/अमलाई/पुष्पराजगढ़। नगर परिषद बरगवां-अमलाई क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनसमस्याओं एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा  नगर परिषद बरगवां अमलाई के एल्डरमैन संदीप पुरी, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के महामंत्री मनीष तिवारी एवं युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रवि दुबे,अनूपपुर ग्रामीण मंडल के मीडिया प्रभारी अखिलेश सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।


प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के समक्ष अमलाई रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों के ठहराव, नगर परिषद क्षेत्र में एक सीएससी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) की स्थापना, किसी राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने तथा अमलाई कॉलरी स्थित वर्षों पुराने जर्जर पोस्ट ऑफिस भवन का पुनर्निर्माण कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त डाकघर स्थापित करने की मांग प्रमुखता से रखी।

*अमलाई रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग*

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद हिमाद्री सिंह को अवगत कराया कि अमलाई रेलवे स्टेशन क्षेत्र का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, विद्यार्थी, व्यापारी, श्रमिक एवं नौकरीपेशा लोग आवागमन करते हैं। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों का ठहराव अमलाई रेलवे स्टेशन पर नहीं होने के कारण यात्रियों को शहडोल, अनूपपुर एवं अन्य रेलवे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है।


वर्तमान में अमलाई रेलवे स्टेशन पर रंगरोगन, सौंदर्यीकरण एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार का कार्य किया जा रहा है। ऐसे में स्थानीय जनता को उम्मीद है कि स्टेशन पर बेहतर सुविधाओं के साथ महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों का ठहराव भी सुनिश्चित किया जाएगा।


प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि केवल स्टेशन का सौंदर्यीकरण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यात्रियों की वास्तविक जरूरतों को देखते हुए महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव भी आवश्यक है। इस मांग पर सांसद हिमाद्री सिंह ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित स्तर पर चर्चा कर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

*जर्जर पोस्ट ऑफिस भवन को लेकर सांसद ने SECL के महाप्रबंधक से की फोन पर चर्चा*

अमलाई कॉलरी में वर्षों से संचालित पोस्ट ऑफिस का भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। भवन की खराब स्थिति के कारण यहां कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ डाकघर आने वाले नागरिकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को प्रतिनिधिमंडल द्वारा सांसद के समक्ष उठाए जाने पर सांसद हिमाद्री सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक से फोन पर चर्चा की और पोस्ट ऑफिस भवन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
सांसद ने संबंधित अधिकारी से समस्या का जल्द निराकरण करने की बात कही, ताकि पुराने जर्जर भवन के स्थान पर सुरक्षित एवं सुविधायुक्त भवन में डाकघर का संचालन सुनिश्चित हो सके।

*नगर परिषद क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बैंक शाखा की मांग*

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद बरगवां-अमलाई में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। स्थानीय स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित होने से आम नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं श्रमिक परिवारों को राहत मिलेगी।
इसी प्रकार क्षेत्र में किसी राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने की मांग भी रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार से व्यापारियों, पेंशनधारियों, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को लाभ मिलेगा।
*सांसद को नगर परिषद बरगवां-अमलाई आने का दिया निमंत्रण*
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद हिमाद्री सिंह को नगर परिषद बरगवां-अमलाई क्षेत्र का दौरा करने का निमंत्रण भी दिया, ताकि वे स्थानीय नागरिकों की समस्याओं से सीधे अवगत हो सकें।
सांसद ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि वे जल्द ही नगर परिषद क्षेत्र में पहुंचने का प्रयास करेंगी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से चर्चा कर समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करेंगी।
*जनता की समस्याओं का समाधान कराना हमारी प्राथमिकता — अखिलेश सिंह*
भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी अखिलेश सिंह ने कहा कि नगर परिषद बरगवां-अमलाई क्षेत्र की जनता लंबे समय से रेलवे, स्वास्थ्य, बैंकिंग एवं डाकघर से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग कर रही है। इन जनहित के मुद्दों को लेकर सांसद हिमाद्री सिंह से मुलाकात की गई।
उन्होंने कहा कि सांसद द्वारा समस्याओं को गंभीरता से सुनना और संबंधित अधिकारियों से तत्काल फोन पर चर्चा करना सकारात्मक पहल है। हमें उम्मीद है कि सांसद के प्रयासों से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा।

*सतत विकास और मूलभूत सुविधाएं ही नगर परिषद बरगवां की जनता की आवश्यकता- संदीप पुरी*
एल्डर मैन संदीप पुरी ने कहा कि नगर परिषद बरगवां-अमलाई का समग्र विकास और क्षेत्र की जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही उनका प्रमुख उद्देश्य है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाता रहेगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)