google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

विकसित भारत और एसआईआर पर सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह से छात्राओं ने किए सीधे सवाल, सरल जवाबों से दूर की जिज्ञासाएं

राजकीय महिला महाविद्यालय में ‘विकसित भारत युवा संवाद–अपना वोट जानें’ कार्यक्रम आयोजित, मतदान प्रक्रिया और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों पर हुई चर्चा

दैनिक समाज जागरण | महेन्द्र जावला

भिवानी, 04 नवंबर। युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने और उन्हें मतदान के अधिकार एवं नागरिक जिम्मेदारियों से परिचित कराने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय महिला महाविद्यालय, भिवानी में ‘विकसित भारत युवा संवाद–अपना वोट जानें’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत), भिवानी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने सांसद से विकसित भारत@2047, लोकतंत्र, मतदान प्रक्रिया और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सीधे सवाल किए। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने छात्राओं के सवालों का सरल एवं विस्तारपूर्वक जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विशेष रूप से एसआईआर की प्रक्रिया और उसके महत्व को उन्होंने सहज भाषा में समझाया।

युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी होना जरूरी : सांसद

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में यह अपने आप में पहला ऐसा कार्यक्रम रहा, जिसमें छात्राओं ने विकसित भारत और एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उनसे सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के अधिकार और नागरिक जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक युवा को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए।

देशभर के 500 शिक्षण संस्थानों में आयोजित हो रहा संवाद

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीव गांधी महिला महाविद्यालय, भिवानी के प्राचार्य डॉ. त्रिलोकचंद ने की, जबकि स्वागत अध्यक्ष राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज रहे। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, भिवानी की जिला युवा अधिकारी मनसा के नेतृत्व में किया गया।

यह आयोजन देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में संचालित राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद अभियान का हिस्सा रहा। अभियान का उद्देश्य युवाओं और जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

मतदान के महत्व और नागरिक कर्तव्यों की दी जानकारी

कार्यक्रम में छात्राओं को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही उन्हें माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने तथा भारत सरकार के मायगॉव के सहयोग से आयोजित ‘अपना वोट जानें’ ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित युवाओं ने लोकतांत्रिक शपथ लेते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने और देश की व्यवस्था में जिम्मेदारीपूर्वक भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, एनवाईवी तथा बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. त्रिलोकचंद, जिला युवा अधिकारी एवं कार्यक्रम आयोजक मनसा तथा राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान के प्रति जागरूकता, एसआईआर की जानकारी और नागरिक कर्तव्यों का पालन आवश्यक है। उन्होंने सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह द्वारा एसआईआर की प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाने की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद युवाओं की लोकतांत्रिक समझ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)