दीया सजावट और कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिखेरे हुनर के रंग, भारतीय संस्कृति और त्योहारों की परंपराओं पर भी हुईं गतिविधियां
दैनिक समाज जागरण | महेन्द्र जावला
बहल, 04 नवंबर। दीपावली के पावन पर्व को रचनात्मकता और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाने के उद्देश्य से बीआरसीएम ज्ञानकुंज विद्यालय, बहल की एनसीसी इकाई की ओर से दीया सजावट एवं पोस्टकार्ड निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 11 हरियाणा बटालियन एनसीसी, भिवानी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रितेश रंजन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

एनसीसी प्रभारी सेकंड ऑफिसर जोगेंद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच से आकर्षक दीये तैयार किए। वहीं पोस्टकार्ड निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सुंदर डिजाइन, रंगों और आकर्षक शुभकामना संदेशों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त दीपावली के महत्व, भारतीय संस्कृति और त्योहारों की परंपराओं पर आधारित भाषण गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
प्रतियोगिताओं में इन कैडेट्स ने हासिल किए स्थान
प्रतियोगिता के परिणामों में प्रथम वर्ष की दीया सजावट श्रेणी में रजत ने प्रथम, वंशिका एवं तनु ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा अनु एवं विशु ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम वर्ष की कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में अनु प्रथम, वंशिका एवं खुशी राठौर संयुक्त रूप से द्वितीय तथा नेहा, वैष्णवी एवं खुशबू संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
द्वितीय वर्ष की दीया सजावट प्रतियोगिता में सूर्य एवं कीर्ति वर्मा ने संयुक्त रूप से प्रथम, दीपांशु एवं इच्छा ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा वंदित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
द्वितीय वर्ष की कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में विवेक तिवारी एवं दीपांशु संयुक्त रूप से प्रथम, कीर्ति वर्मा एवं दिव्या संयुक्त रूप से द्वितीय तथा पूनम एवं इच्छा संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
प्राचार्य ने की विद्यार्थियों की सराहना
विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार झाझरिया एवं उपप्राचार्या सरस्वती दीक्षित ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचारपूर्ण प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में सृजनात्मक सोच, आत्मविश्वास, कलात्मक अभिव्यक्ति और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करती हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का समापन उत्साह और उल्लास के वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने दीपावली के उत्सव को रचनात्मकता, उमंग और सांस्कृतिक चेतना के रंगों से सराबोर कर दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



