google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा के लिए भूमिज समाज ने खोला मोर्चा, टाटा स्टील को आठ दिनों का अल्टीमेटम

सोनारी ट्राइबल कल्चर सेंटर के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन, मांग पूरी नहीं होने पर कंपनी गेट जाम कर उग्र आंदोलन की चेतावनी*

दैनिक समाज जागरण 17.11.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर भूमिज विद्रोह के महानायक और वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की स्मृति को सम्मान देने तथा उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर भूमिज समुदाय ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। मंगलवार को सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर के समक्ष भूमिज समुदाय के लोगों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर टाटा स्टील प्रबंधन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन से जल्द से जल्द शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई। साथ ही इस दिशा में ठोस पहल करने के लिए आठ दिनों का अल्टीमेटम भी दिया।

धरने पर बैठे समुदाय के लोगों ने कहा कि शहीद गंगा नारायण सिंह झारखंड के इतिहास के उन महान क्रांतिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। वर्ष 1832-33 में हुए ऐतिहासिक भूमिज विद्रोह का नेतृत्व कर उन्होंने अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के खिलाफ जनसंघर्ष को नई दिशा दी थी। उनका साहस, संघर्ष और बलिदान आज भी भूमिज समाज के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिस महानायक ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अपने समाज और क्षेत्र के अधिकारों के लिए संघर्ष किया, उनकी स्मृति को उचित सम्मान मिलना चाहिए। सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे स्थान पर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित होना न केवल भूमिज समुदाय, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। इससे युवा पीढ़ी को अपने इतिहास, वीरता और पूर्वजों के संघर्ष से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर पूर्व में भी कई बार टाटा स्टील प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। विभिन्न अवसरों पर इस मांग को उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय या सकारात्मक पहल सामने नहीं आई है। लंबे समय से मांग लंबित रहने के कारण समाज के लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि समाज के ऐतिहासिक महापुरुषों को सम्मान दिलाना उनकी जिम्मेदारी है और इस मांग को अब और नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

धरना-प्रदर्शन के दौरान भूमिज समुदाय के लोगों ने टाटा स्टील प्रबंधन को आठ दिनों का स्पष्ट अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि प्रतिमा स्थापना को लेकर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो समुदाय के लोग आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। इसके तहत टाटा स्टील कंपनी के गेट को जाम कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि समाज के महानायक और वीर शहीद को ऐतिहासिक सम्मान दिलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। जब तक शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक भूमिज समुदाय का संघर्ष जारी रहेगा। अब देखना यह है कि आठ दिनों की समयसीमा के भीतर टाटा स्टील प्रबंधन इस मांग पर क्या रुख अपनाता है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)