google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के बिहटा में चौकीदार की संदिग्ध मौत,सड़क किनारे मिला शव।

भाई ने शराब माफियाओं पर लगाया हत्या का आरोप

बिहटा (पटना)। बिहार के पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में एक चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार की सुबह बिहटा-सिकंदरपुर-कटेसर मार्ग पर जमुनापुर गांव के समीप सड़क किनारे चौकीदार का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटनास्थल के पास उनकी क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस जहां प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है, वहीं मृतक के परिजनों ने शराब माफियाओं पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ड्यूटी से घर लौटते समय हुई घटना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटेसर गांव निवासी 38 वर्षीय नागेंद्र पासवान बिहटा थाने में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। शनिवार की देर रात वह ड्यूटी समाप्त कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जमुनापुर गांव के पास वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल बिहटा स्थित ईएसआईसी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

भाई ने शराब माफियाओं पर लगाया हत्या का आरोप

घटना के बाद मृतक के छोटे भाई अमरजीत कुमार ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि नागेंद्र पासवान को पूर्व में शराब माफियाओं की ओर से लगातार धमकियां मिल रही थीं। परिजनों के मुताबिक, शनिवार की रात शराब के खिलाफ छापेमारी भी हुई थी, जिसके बाद नागेंद्र घर लौट रहे थे।

परिजनों ने यह भी दावा किया कि शनिवार की रात परेव से बिहटा की ओर एक वाहन में शराब लाए जाने की चर्चा थी, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक सवार थे। परिवार ने दो नामजद व्यक्तियों समेत अन्य अज्ञात लोगों की संभावित संलिप्तता की आशंका जताई है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं पर जांच

घटना की सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि चौकीदार की मौत के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस सड़क दुर्घटना और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पत्नी और तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

नागेंद्र पासवान की अचानक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी सुधा देवी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, कटेसर गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

समाज जागरण | पटना जिला संवाददाता – वेद प्रकाश


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)