नबीनगर (औरंगाबाद)। बिहार के औरंगाबाद जिले के नबीनगर प्रखंड प्रमुख के रिक्त पद पर आगामी 6 नवंबर 2026 को होने वाला चुनाव रद्द कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार ने उपलब्ध दस्तावेजों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया है। आयोग के इस आदेश के बाद नबीनगर में प्रखंड प्रमुख के चुनाव को लेकर चल रही तैयारियों पर विराम लग गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग के संयुक्त निर्वाचन आयुक्त की ओर से जारी पत्र में चुनाव रद्द किए जाने की जानकारी दी गई है। आयोग ने पूर्व में उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों के आधार पर 6 नवंबर 2026 को नबीनगर प्रखंड प्रमुख के रिक्त पद पर निर्वाचन कराने का आदेश जारी किया था।
अविश्वास प्रस्ताव की बैठक के दस्तावेज बने निर्णय का आधार
बताया गया है कि इसके बाद नबीनगर की प्रमुख चित्रा कुमारी की ओर से आयोग में आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर आयोग ने 15 मई 2026 को आयोजित अविश्वास प्रस्ताव संबंधी बैठक के दस्तावेज जिला प्रशासन से मांगे थे।
जिला प्रशासन से संबंधित कागजात प्राप्त होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने उनका सम्यक परीक्षण और समीक्षा की। इसके बाद आयोग ने पूर्व में निर्धारित 6 नवंबर को होने वाले नबीनगर प्रखंड प्रमुख के निर्वाचन को रद्द करने का निर्णय लिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी को कार्रवाई का निर्देश
आयोग ने जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत), औरंगाबाद को आदेश के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने तथा इस निर्णय से सभी संबंधित पक्षों को अवगत कराने का निर्देश दिया है।
इस आदेश की प्रतिलिपि मगध प्रमंडल, गया की आयुक्त श्रीमती चित्रा कुमारी तथा बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के सचिव को भी भेजी गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग के इस फैसले के बाद अब नबीनगर प्रखंड प्रमुख के रिक्त पद पर आगे की निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
दैनिक समाज जागरण | अनिल कुमार, संवाददाता नबीनगर (औरंगाबाद)
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



