google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

भाजपा जमशेदपुर महानगर ने समर्पण दिवस के रूप में मनाई पंडित दीन दयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि

दैनिक समाज जागरण 11.02.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 58वीं पुण्यतिथि को ‘समर्पण दिवस’ के रूप में मनाया। बुधवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस दौरान बरकट्टा के विधायक अमित यादव, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद समेत पार्टी के वरीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। मौके पर कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अमर रहे एवं भारत माता की जय से कार्यालय परिसर गुंजायमान रखा।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भारतीय राजनीति में मूल्य आधारित आचरण, नैतिकता और राष्ट्रवाद के सशक्त स्तंभ थे। उनका संपूर्ण जीवन सिद्धांतों पर आधारित राजनीति के प्रतीक हैं। डॉ. गोस्वामी ने कहा कि मात्र 15 वर्षों के सक्रिय राजनीतिक जीवन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जनसंघ को अखिल भारतीय स्वरूप दिया, उसे वैचारिक आधार प्रदान किया और कार्यकर्ताओं में मातृभूमि की सेवा का आजीवन संकल्प जगाया। ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे राष्ट्रीय भावों को उन्होंने राजनीतिक संस्कार का हिस्सा बनाया। उनका ‘एकात्म मानव दर्शन’ आज भी भारतीय राजनीति को दिशा दे रहा है।

उन्होंने कहा कि पंडित जी के ‘अंत्योदय’ के विचार को अटल बिहारी वाजपेयी जी की एनडीए सरकार ने आगे बढ़ाया और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं भाजपा शासित राज्य सरकारें उसी मार्ग पर अग्रसर हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना, किसानों के हित में योजनाएं, कोरोना काल में टीकाकरण जैसे अभियान अंत्योदय की भावना के सशक्त उदाहरण हैं, जिनका उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का उत्थान है।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के समृद्ध, शक्तिशाली और वैभवशाली भारत के सपने को साकार करने के लिए संकल्प लें। 2047 में आजादी के सौ वर्ष पूर्ण होने पर भारत को विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए भाजपा को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

वहीं, बरकट्टा के विधायक अमित यादव ने कहा कि अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित करने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता थे। समाज के कमजोर तबके के उत्थान के लिए वे हमेशा संघर्षरत रहे। उन्हीं के आदर्शों पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों के कल्याण हेतु दर्जनों हितग्राही मूलक योजनाएं चला रही हैं।

कार्यक्रम में स्वागत संबोधन करते हुए जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित किया। मात्र तीन वर्ष की आयु में उनके पिता और सात वर्ष की आयु में उनकी माता का निधन हो गया था। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आएं, आजीवन संघ के प्रचारक रहे। वर्ष 1951 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की अध्यक्षता में ‘भारतीय जनसंघ’ की स्थापना हुई। 1952 में प्रथम अधिवेशन कानपुर में हुआ और दीनदयाल उपाध्याय जी महामंत्री बने तथा 1967 तक वे भारतीय जनसंघ के महामंत्री रहे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जयंती पर हम सभी को उनके विचारों से प्रेरणा लेना चाहिए।

इस दौरान मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री पप्पू सिंह ने किया।

विभिन्न मंडलों में मनाया गया समर्पण दिवस: पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को भाजपा महानगर अंतर्गत सभी 28 मंडलों में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया और उनके जीवन आदर्शों को आत्मसात कर संगठन और समाज के उत्थान में सतत कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव, मनोज सिंह, अनिल सिंह, कल्याणी शरण, राजन सिंह, रमेश हांसदा, जिला पदाधिकारी बबुआ सिंह, राजीव सिंह, रेणु शर्मा, संजीव सिंह, पप्पू सिंह, मिली दास, कृष्णा शर्मा काली, सुबोध झा, प्रेम झा, बिनोद सिंह, अखिल सिंह, उज्ज्वल सिंह, किशोर ओझा, मंजीत सिंह, सागर राय, अमित अग्रवाल, धर्मेंद्र प्रसाद, अमिताभ सेनापति, रितेश झा, मारुति नंदन पांडेय, रंजीत सिंह, कुमार अभिषेक, रविन्द्र सिसोदिया, अजीत सिंह, अप्पा राव, अजय श्रीवास्तव, हरिकिशोर तिवारी, पंचम जंघेल, राकेश सिंह, माणिक सिंह, ओमप्रकाश सिंह, जीवन साहू, अजय सिंह, दीपक झा, शशांक शेखर, रॉकी सिंह, चिंटू सिंह, रीना चौधरी, मिष्टु सोना, जया शर्मा, मनोज सिंह, गणेश मुंडा, सुख सागर गुप्ता, उपेंद्र गिरी व अन्य कार्यकर्तागण मौजूद रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)