वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
25 जून। भारतीय जनता पार्टी के किशनगंज जिला कार्यालय में गुरुवार को वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल की बरसी पर “काला दिवस” मनाया गया। कार्यक्रम प्रदेश महामंत्री राजेश कुमार राजू झा की उपस्थिति में तथा जिला अध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राजेश कुमार राजू झा ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल ने देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों को गंभीर आघात पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान राजनीतिक स्वार्थ के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया गया तथा विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को जेल में डाल दिया गया। साथ ही अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी व्यापक प्रतिबंध लगाए गए।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि आपातकाल की घटनाएं देशवासियों को लोकतंत्र की रक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की सीख देती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
किशनगंज आगमन पर भाजपा जिला इकाई के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महामंत्री का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए आपातकाल के दौरान हुए घटनाक्रम और लोकतंत्र पर पड़े उसके प्रभावों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में हरिराम अग्रवाल, शिशिर कुमार दास, बिजली सिंह, ज्योति कुमार सोनू, अजीत दास, पंकज कुमार साहा, कौशल झा, राजेश गुप्ता, सुबोध माहेश्वरी, जयकिशन प्रसाद कुशवाहा, अरविंद मंडल, किशलय सिन्हा, मुकेश हेम्ब्रम, मिक्की साहा, कौशल आनंद, बीणा देवी, सोनी देवी, लखवीर कौर, दुर्गा स्वर्णकार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



