google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में पालीगंज में 13 वर्षीय किशोर का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव

हत्या की आशंका से इलाके में फैली सनसनी

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत रानीतालाब थाना क्षेत्र के बराह गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के बाहर एक 13 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। मृतक की पहचान रामकुमार यादव के पुत्र भोला कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता रामकुमार यादव ने बताया कि उनका बेटा शुक्रवार शाम 4 बजे से ही घर से लापता था। उन्होंने बताया की जब मैं सुबह करीब 4 बजे काम से वापस लौटा, तो देखा कि भोला घर के बाहर ही बेसुध पड़ा है। करीब जाने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। किसी ने उसकी बेरहमी से हत्या की और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को घर के बाहर फेंक कर फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पालीगंज डीएसपी-2 पंकज शर्मा और स्थानीय थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु डीएसपी विनय रंजन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए पटना से FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी बुलाया गया है। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि मृतक भोला कुमार नशे का आदी था और आशंका जताई जा रही है कि मौत की वजह यह भी हो सकती है। फिलहाल, पुलिस हर पहलू पर गौर कर रही है। प्रशिक्षु डीएसपी विनय रंजन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा की परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। FSL की टीम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि किशोर की मौत चोट लगने से हुई है, नशे की ओवरडोज से या फिर यह सोची-समझी हत्या है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)