समाज जागरण दीपक सरकार
वाराणसी के होमी भाभा कैंसर संस्थान में इलाजरत पत्रकार की बेटी को मिल रहा निस्वार्थ सहयोग
वाराणसी/छतरपुर (पलामू)। झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर प्रखंड के पत्रकार संदीप सिंह की दो वर्षीय बेटी दिव्या कुमारी, जो कि ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) से जूझ रही है, के इलाज के लिए अब जौनपुर जिले के किन्नर समाज ने भी मानवता की मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार दिव्या का इलाज इन दिनों वाराणसी स्थित होमी भाभा कैंसर संस्थान में चल रहा है। बच्ची को बार-बार खून की जरूरत पड़ रही थी। इसकी खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जौनपुर किन्नर प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष बिट्टू किन्नर,जौनपुर भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राखी सिंह और आरएसएस से जुडी किरण सिंह खुद अस्पताल पहुंचीं और बच्ची की स्थिति देखकर भावुक हो उठीं।

उन्होंने मौके पर ही अपने समाज के लोगों से रक्तदान और आर्थिक सहयोग की अपील की। बिट्टू किन्नर ने कहा कि “यह हमारी भी बेटी है, जब तक हम हैं, खून की कमी नहीं होने देंगे।”
इस नेक पहल में भाजपा महिला मोर्चा जौनपुर की जिला उपाध्यक्ष राखी सिंह,किरण सिंह एवं पलामू जिले के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनोज कुमार ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह खबर जौनपुर के किन्नर समाज तक पहुंची।
इस घटना ने इंसानियत की एक नई मिसाल पेश की है — जहां सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर समाज के हर तबके के लोग एक मासूम की जिंदगी बचाने की जंग में साथ आ रहे हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



