आदिवासी सुनील त्रिपाठी/ समाज जागरण
चोपन/ सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी ने बुधवार को चोपन विकास खण्ड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लॉक परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, कार्यालय अभिलेखों तथा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण में अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सीडीओ ने उपस्थित ब्लॉक सचिवों की उपस्थिति पंजिका की भी जांच की, जिसमें सभी सचिव उपस्थित पाए गए, जबकि सचिव वीरेंद्र सिंह अनुपस्थित मिले।अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और स्पष्टीकरण प्राप्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
वहीं सचिव आकांक्षा जायसवाल को अपने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति में तेजी लाने, लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित उपस्थिति, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा योजनाओं की गुणवत्ता पूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी अजीत यादव, संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ब्लॉक के कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



