513 ग्राम मादक पदार्थ बरामद, अपाची मोटरसाइकिल, नकदी और मोबाइल फोन जब्त; एएनटीएफ और माउंटेनकट्टा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
वीरेंद्र चौहान | समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज। बिहार के किशनगंज में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। किशनगंज पुलिस की एएनटीएफ टीम ने कार्रवाई करते हुए 513 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से नकदी, मोबाइल फोन और एक काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि दो अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर माउंटेनकट्टा थाना क्षेत्र के पनासी हाट के समीप मोटरसाइकिल से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में एएनटीएफ किशनगंज और माउंटेनकट्टा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पनासी हाट के पास घेराबंदी कर पकड़े गए दोनों आरोपी
गठित विशेष टीम ने पनासी हाट के पास छापेमारी कर काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 513 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रहीम (25 वर्ष), पिता अजीजुल हक और जाकिर हुसैन (27 वर्ष), पिता संजू के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौलानी के निवासी बताए गए हैं।
तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी है। जांच के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों, मादक पदार्थों के स्रोत और आगे की आपूर्ति के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
आरोपितों के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच भी की जा रही है। पुलिस अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर उसे जब्त करने की कार्रवाई भी करेगी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में माउंटेनकट्टा थाना कांड संख्या 298/26, दिनांक 16 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 21(सी), 25 एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, एएनटीएफ प्रभारी पुलिस निरीक्षक तेलुगु कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक फुलेन्द्र कुमार, कृष्णा कुमार, प्रिंस कुमार, विकास कुमार, मोहम्मद रेहान अहमद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
मादक पदार्थों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन जारी
किशनगंज पुलिस ने आम नागरिकों से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने इसके लिए एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 जारी किया है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




