कुलदीप सिंह, लखीमपुर।
जिले में सोमवार सुबह घने कोहरे ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सुबह दृश्यता लगभग शून्य होने से वाहन रेंग-रेंग कर चले। ड्राइवरों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। शीतलहर के तेज प्रकोप ने लोगों को कंपकंपी से बेहाल कर दिया है और तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
कोहरे की मोटी चादर के बीच सूर्यदेव के दर्शन करीब 10 बजे ही हो सके। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्कूलों में छात्र देर से पहुंचे। अभिभावकों ने बताया कि शीतलहर और घने कोहरे के बीच प्राइवेट स्कूलों तक बच्चों को पहुँचाना बड़ी चुनौती बन गया है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक निजी स्कूलों का समय बढ़ाने का निर्णय नहीं लिया गया है।
बढ़ती ठंड से गलन में और इजाफा हुआ है। सड़कों पर जगह-जगह लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश करते नजर आए। छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर ठंड का असर और अधिक देखने को मिल रहा है। इसी के साथ गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी है।
तेज शीतलहर और घने कोहरे के चलते जनजीवन ठिठुरन के बीच थम-सा गया है, वहीं लोगों को मौसम से जल्द राहत की उम्मीद है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



