पटमदा और बोडाम में कांग्रेस सेवादल की बैठक, संगठन विस्तार पर जोर

दैनिक समाज जागरण 18.05.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर के पटमदा एवं बोडाम प्रखंड में पूर्वी सिंहभूम जिला सेवा दल कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने, नई कमेटियों के गठन तथा जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर व्यापक चर्चा हुई। दोनों बैठकों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली।
पटमदा प्रखंड के पटमदा ग्राम में आयोजित बैठक की अध्यक्षता बिजय महतो ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष राहुल कुमार उर्फ राजा सिंह राजपूत उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से बिजय महतो को पटमदा प्रखंड सेवादल कांग्रेस कमेटी का प्रखंड संगठक एवं अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर प्रखंड कमेटी, मंडल कमेटी, पंचायत कमेटी तथा बीएलए-2 गठन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।


बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राहुल कुमार उर्फ राजा सिंह राजपूत ने कहा कि कांग्रेस सेवादल का विस्तार केवल प्रखंड और मंडल स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंचायत स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग प्रत्यक्ष रूप से सेवा दल से जुड़ें और जनता सेवा, राष्ट्र सेवा तथा संगठन सेवा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।


उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह दो दिन ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि विश्राम कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत गांवों में चौपाल लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों तक बात पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि चौपाल में प्राप्त आवेदन पत्रों को संबंधित पदाधिकारियों तक पहुंचाने के लिए सेवादल कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सक्रिय रूप से कार्य करेगा, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।


बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पटमदा प्रखंड के सभी 15 पंचायत क्षेत्रों में जल्द से जल्द कमेटियों का गठन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं जनहित कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान की दिशा में पहल करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।


जिला अध्यक्ष ने सभी स्तरों पर संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान तेज करना होगा, तभी संगठन गांव-गांव तक अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा। बैठक में हरेकृष्ण लोहार, विक्रम झा, प्रेमचंद, सुकचंद्र, काशीनाथ, अमित, संपत सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।


वहीं दूसरी ओर बोडाम प्रखंड में भी कांग्रेस सेवादल की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सोनाराम हांसदा ने की। इस दौरान मुख्य संगठक राहुल कुमार उर्फ राजा सिंह राजपूत की मौजूदगी में बोडाम प्रखंड कांग्रेस सेवादल के प्रखंड संगठक एवं अध्यक्ष का सर्वसम्मति से चयन किया गया।


बैठक में जिला सेवादल कांग्रेस अध्यक्ष राजा सिंह राजपूत उर्फ राहुल कुमार, विक्रम कुमार झा, अमर मांझी, भीषण सिंह, बिरेन मुर्मू, देवबंधु सिंह सहित कई ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन विस्तार, पंचायत स्तर तक कमेटी गठन और जनसमस्याओं के समाधान के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)