अनूपपुर – शिक्षा के क्षेत्र में गौरव के पल मे शासकीय माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर पुष्पराजगढ़, जिला- अनूपपुर मे माध्यमिक शिक्षक के पद पर कार्यरत श्री डी.ए. प्रकाश खाण्डे को डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पी.एच.डी.) की उपाधि प्रदान की गई है।
श्री खाण्डे जी परिसर में सामाजिक विज्ञान विषय का अध्यापन कराते हैं। आप न केवल एक शिक्षक हैं, बल्कि जनजातीय बालिकाओं की गुणवत्तायुक्त शिक्षा, अभिभावकों के साथ सहज संवाद और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरे क्षेत्र में जाने जाते हैं। आपकी विशेष रुचि राष्ट्रीय धरोहरों, सांस्कृतिक मूल्यों और पुरातत्व विज्ञान के अध्ययन में रही है।
शैक्षणिक यात्रा
श्री खाण्डे ने पुरातत्व विज्ञान में स्नातकोत्तर (M.A.) एवं विद्यावारिधि (M.Phil.) की उपाधि पहले ही प्राप्त कर ली थी। सामाजिक जीवन, इतिहास और संस्कृति के प्रति जिज्ञासा और निरंतर अनुसंधान की प्रवृत्ति ने उन्हें उच्च शिक्षा की ओर प्रेरित किया जो आज साकार हुआ |
आपने सनराइज विश्वविद्यालय, अलवर (राजस्थान) के इतिहास विभाग के प्रख्यात प्रोफेसर डॉ. राजीव कुमार जैन जी के कुशल मार्गदर्शन में अपना शोध कार्य पूर्ण किया |
शोध विषय –
आपका शोध विषय रहा -“कलचुरि कालीन मंदिर स्थापत्य एवं मूर्तिकला का विश्लेषणात्मक अध्ययन (मध्य प्रदेश के शहडोल संभाग के विशेष संदर्भ में)” इस शोध में आपने शहडोल संभाग (अनूपपुर, शहडोल, उमरिया) में स्थित कलचुरि कालीन प्राचीन मंदिरों, उनके स्थापत्य कला की विशेषताओं, शिल्प कौशल, मूर्तिकला में निहित धार्मिक और सांस्कृतिक भावों का गहन विश्लेषणात्मक अध्ययन किया है | यह शोध मध्यप्रदेश की विलुप्त होती पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में देखा जा रहा है |
बधाइयों का तांता
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्राओं, पालकगणों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और इष्ट मित्रों ने हर्ष व्यक्त करते हुए श्री खाण्डे जी को हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दिये | विद्यालय परिवार ने कहा कि श्री खाण्डे जी की यह उपाधि जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को और मजबूती प्रदान करेगी |
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



