गौतमबुद्धनगर, 18 फरवरी 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में तहसील दादरी स्थित केआरबी कॉन्वेंट स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर सिविल जज गौतमबुद्धनगर जूही आनंद ने की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को दी गई। महिला कल्याण विभाग की प्रतिनिधि सुनीता ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग की रश्मि त्रिपाठी ने मिशन प्रेरणा, डीबीटी योजना, प्रधानमंत्री पोषण योजना, मिड डे मील योजना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं ऑपरेशन कायाकल्प जैसी योजनाओं के उद्देश्यों और लाभार्थियों के संबंध में उपस्थित जनसमूह को अवगत कराया।
अपर सिविल जज जूही आनंद ने अपने संबोधन में बताया कि 22 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से नोएडा हाट में मेगा विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस मेगा शिविर में विभिन्न विभागों के लगभग 44 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां जनसामान्य को योजनाओं की जानकारी, परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विभागों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले दो छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को 22 फरवरी को आयोजित मेगा शिविर में सम्मानित किया जाएगा। यह भी बताया गया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न संस्थाओं एवं विभागों द्वारा अलग-अलग स्थलों पर लघु विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में आमजन से अपील की गई कि वे 22 फरवरी को नोएडा हाट में आयोजित मेगा साक्षरता शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक कपिल शर्मा, पीएलवी बालचंद नागर, रोहताश सिंह, सतपाल सिंह, ब्रह्म सिंह नागर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।
(सौजन्य: सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर)
DadriNews #GautamBuddhNagar #LegalAwareness #NoidaHaat #MegaCamp2026 #GovernmentSchemes #BetiBachaoBetiPadhao #SamajJagran
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



