नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार देर शाम एक कपड़ा फैक्ट्री में आग लगने की घटना से अफरातफरी मच गई। मौके पर दमकल विभाग की टीम ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

फायर ऑफिसर श्रवण लाल मीणा ने बताया — “यहां एक कपड़ा फैक्ट्री में आग लगी थी। सूचना मिलते ही 4 से 5 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।”
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री परिसर से धुआं काफी देर तक उठता रहा, लेकिन आसपास के क्षेत्रों को नुकसान नहीं पहुंचा। पुलिस और फायर टीम ने मिलकर इलाके को सुरक्षित कराया।
स्थानीय प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन को आग सुरक्षा मानकों की पुन: समीक्षा करने और विद्युत उपकरणों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।



