समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को पटना जिले के अनुमंडल कार्यालय पालीगंज में सैकड़ों गौ भक्त एकत्र हुए और अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों से भारतीय संस्कृति और राष्ट्रहित में गौवंश को राष्ट्रीय सम्मान देने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे संविधान के दायरे में रहकर अहिंसक तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य संपूर्ण भारतीय देशी गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करना और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करवाना है।
उन्होंने मांग की कि गौ माता को “राष्ट्र माता”, “राष्ट्र धरोहर” या “राष्ट्रीय आराध्य” जैसे सम्मानित पद दिए जाएं, ताकि समाज में इसके प्रति जागरूकता और संरक्षण की भावना और मजबूत हो सके। ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि गौ सेवा के लिए केंद्र स्तर पर सख्त कानून बनाया जाए और एक अलग “गौ सेवा मंत्रालय” का गठन किया जाए। इसके साथ ही गोचर भूमि की सुरक्षा, गौ आधारित कृषि को बढ़ावा देने और गौवंश संरक्षण के लिए ठोस नीति लागू करने पर जोर दिया गया।
गौ भक्तों ने बताया कि गौ सेवा और गौ रक्षा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा से भी जुड़ा हुआ है। इस अभियान के तहत सुबह से ही अनुमंडल कार्यालय में बड़ी संख्या में लोग जुटने शुरू हो गए थे। इसके बाद सभी ने संगठित होकर अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा। इस कार्यक्रम में निम्न गौ भक्त कुन्दन कुमार, अमरेश सिंह, गुड्डू सिंह, बिजेंद्र सिंह, मृत्युंजय कुमार, ओम प्रकाश सिंह, कुणाल, रजनीश, सनातन, मृत्युंजय आदि गौ भक्त उपस्थित हुए।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



