google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

उपविकास आयुक्त ने मेहरमा में अधिकारियों व कर्मियों के साथ किया समीक्षा बैठक, योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का दिया निर्देश

समाज जागरण
गोड्डा

मेहरमा उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत रविवार को मेहरमा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर वीबी-जी रामजी से संबंधित विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में योजनाओं के क्रियान्वयन की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि योजना के तहत प्रखंड की प्रत्येक पंचायत में कम से कम 20-20 योजनाओं का चयन कर उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इस प्रकार सभी पंचायतों को मिलाकर योजनाओं की संख्या लगभग 450 होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का चयन ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों और स्थानीय समस्याओं को ध्यान में रखकर किया जाए, ताकि इसका सीधा लाभ आम लोगों को मिल सके।


उन्होंने योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इसके तहत पक्की नाली निर्माण, डांड़ एवं बांध की खुदाई, सोखता निर्माण, बागवानी, वाटर हार्वेस्टिंग सहित जल संरक्षण और ग्रामीण आधारभूत संरचना से जुड़ी अन्य योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। इन कार्यों के माध्यम से जहां गांवों में विकास को गति मिलेगी, वहीं जल संरक्षण, सिंचाई और पर्यावरण संतुलन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर योजनाओं की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर सूची तैयार करें।उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को दो दिनों के अंदर करीब 450 योजनाओं की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि योजनाओं की सूची तैयार करने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक और अभियंताओं को आपसी समन्वय बनाकर काम करने की जरूरत है। योजना चयन से लेकर उसके क्रियान्वयन तक सभी स्तरों पर जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।


समीक्षा के दौरान कार्यों के प्रति उदासीनता और दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरतने वाले दो-तीन कर्मियों को चिह्नित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ऐसे कर्मियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही करने वालों के प्रति प्रशासन सख्त रुख अपनाएगा।


मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार, मनरेगा बीपीओ अजीत सिंह, पंचायत सचिव सह प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी गंगाराम शाह, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)