समाज जागरण रंजीत तिवारी
वाराणसी। काशी की विश्वविख्यात देव दीपावली इस वर्ष 24 नवंबर 2026 को भव्य रूप में आयोजित होगी। आदि केशव घाट से सामने घाट तक गंगा के दोनों तटों और गंगापार की रेती पर लाखों दीपों की अद्भुत छटा दिखाई देगी। गंगा घाटों के साथ मंदिरों,मठों,कुंडों,तालाबों और पोखरों को भी दीपों से सजाया जाएगा। रविवार को पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. नारायण गुरु ने बताया कि आयोजन के लिए 84 घाटों पर समितियां गठित की गई हैं।
इसके अलावा 15 सदस्यीय कोर कमेटी भी बनाई गई है। काशी के 102 से अधिक कुंडों एवं पोखरों पर भी दीपोत्सव आयोजित होगा। गंगापार की रेती,सामनेघाट और रामनगर में भी विशेष आयोजन किए जाएंगे। पं. नारायण गुरु ने बताया कि वर्ष 1985 में छह घाटों पर लगभग आठ हजार दीपों के साथ देव दीपावली की शुरुआत हुई थी। धीरे-धीरे यह आयोजन विस्तारित होकर काशी की वैश्विक पहचान बन गया। वर्ष 2011 में गंगापार की रेती और 2014 में मध्य प्रदेश के नर्मदा तट पर भी इसकी शुरुआत हुई। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया तथा दिवंगत पं. वागीशदत्त मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की। पत्रकार वार्ता में पं. नरेंद्र पांडेय,संतोष सोलापुरकर,पं. नलिन नयन मिश्रा,अशोक नेने,अंकुर मेहरोत्रा,गिरीश पांडेय और रवि रौशन मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



