google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

विकास के दावों की खुली पोल: बस स्टैंड–ओवरब्रिज मार्ग की बदहाल सड़क बनी हादसों का कारण

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
21 जून। नगर परिषद क्षेत्र में विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच शहर की एक प्रमुख सड़क बदहाली की मार झेल रही है। बिहार बस स्टैंड से ओवरब्रिज की ओर जाने वाला महत्वपूर्ण मार्ग वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ा है, जिससे आम लोगों का आवागमन मुश्किल होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।


वर्षों से नहीं हुई मरम्मत
बस स्टैंड से ओवरब्रिज तक की सड़क जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। नतीजतन ई-रिक्शा, टोटो, मोटरसाइकिल और अन्य छोटे-बड़े वाहन आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। कई लोग चोटिल हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मूकदर्शक बना हुआ है।

जिले का सबसे व्यस्त मार्ग, फिर भी उपेक्षित
यह सड़क जिले के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्गों में शामिल है। इसी रास्ते से प्रतिदिन हजारों लोग न्यायालय, थाना, समाहरणालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नगर परिषद, जिला परिषद, बस स्टैंड तथा अन्य सरकारी कार्यालयों तक पहुंचते हैं। बावजूद इसके सड़क की मरम्मत को लेकर न तो नगर परिषद गंभीर दिखाई दे रही है और न ही प्रशासन।

बारिश में सड़क नहीं, बन जाता है तालाब
हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सड़क और गड्ढों में फर्क कर पाना मुश्किल हो जाता है। वाहन चालक जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। राहगीरों के लिए पैदल चलना भी चुनौती बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क अब विकास नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही की पहचान बन चुकी है।

लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने नगर परिषद तथा जिला प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
सवाल यह है कि जब जिले के महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने वाला मार्ग ही बदहाल हो, तो विकास के दावों पर जनता आखिर कैसे भरोसा करे?


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)