‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ थीम पर लोगों ने लिया नियमित योग का संकल्प
वीरेंद्र चौहान समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिलेभर में ‘‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’’ थीम के तहत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में योग शिविरों का आयोजन किया गया। सदर अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर-स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा जीवनशैली से जुड़ी कई बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’’ मानव स्वास्थ्य और पर्यावरणीय संतुलन के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संतुलित पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है तथा योग इस समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। योग व्यक्ति को प्रकृति के निकट लाने के साथ-साथ जीवन में अनुशासन, संयम और सकारात्मक सोच विकसित करता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, अनिद्रा, अवसाद और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। योग और प्राणायाम इन चुनौतियों से निपटने का सरल एवं प्रभावी उपाय हैं। नियमित अभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन की गुणवत्ता बेहतर होती है।
कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही। इस दौरान लोगों को नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अंत में जिलाधिकारी विशाल राज और सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने जिलेवासियों से योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर उसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग शरीर को शक्ति, मन को शांति और आत्मा को स्थिरता प्रदान करता है तथा स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ समाज और स्वस्थ पृथ्वी के निर्माण का सशक्त आधार है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



