सहयोग पोर्टल पर शिकायतों के समय पर निष्पादन की मांग, योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर जोर
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
8 अगस्त। किशनगंज प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार को प्रखंड प्रमुख रजिया बेगम की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रखंड विकास योजना (बीपीडीपी) के तहत विभिन्न योजनाओं के अंतिम चयन, पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि समेत अन्य एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पंचायत समिति सदस्यों, मुखिया एवं उनके प्रतिनिधियों ने अपने-अपने पंचायतों की समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखा। जलापूर्ति, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, बिजली, आपूर्ति समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचना चाहिए। साथ ही लंबित विकास कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन कराने की मांग की गई।
सहयोग पोर्टल पर शिकायतों के निष्पादन में देरी का मुद्दा उठा
बैठक में बेलुआ पंचायत के मुखिया तैयबुर रहमान ने सहयोग पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निष्पादन में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं को लेकर सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हैं, लेकिन कई मामलों में निर्धारित समय पर कार्रवाई नहीं हो पाती है। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की।
जनप्रतिनिधियों ने पंचायतों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का समाधान करने और विकास कार्यों को समय पर पूरा कराने की मांग की। बैठक में योजनाओं के चयन के साथ-साथ उनके गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी कर्मवीर कुमार, अंचल अधिकारी राहुल कुमार, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी चिरंजीव कुमार शर्मा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चंदा कुमारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण संगठन के सहायक अभियंता, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी एवं प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में चकला पंचायत के मुखिया तनवीर आलम, गाछपाड़ा पंचायत के मुखिया मतीउर्रहमान, टेऊसा पंचायत की मुखिया साजेदा खातून के प्रतिनिधि मैनुद्दीन उर्फ कालू, सिंघिया कुलामणि पंचायत की मुखिया गुलशन आरा के प्रतिनिधि नईम अख्तर, बेलुआ पंचायत के मुखिया तैयबुर रहमान, महीनगांव पंचायत के मुखिया अशोक पासवान, दौला पंचायत की मुखिया रफीना खातून, पिछला पंचायत की मुखिया इसरत बानो, मोतिहारा तालुका पंचायत के मुखिया तजामुल हक तथा उपप्रमुख राबिया खातून के प्रतिनिधि असलम राही समेत अन्य मुखिया एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा पंचायत समिति सदस्य प्रदीप ठाकुर, बेलुआ पंचायत समिति के प्रतिनिधि सनाउल्लाह, दौला पंचायत समिति सदस्य मुबारक हुसैन, महीनगांव पंचायत समिति सदस्य चंदन पासवान, टेऊसा पंचायत समिति सदस्य मो. सुफियान, सिंघिया कुलामणि पंचायत समिति के प्रतिनिधि विकास लाल, गाछपाड़ा पंचायत समिति सदस्य बेगम खातून, चकला पंचायत समिति सदस्य शीतल शर्मा, पिछला पंचायत समिति सदस्य सोयेब आलम तथा दौला पंचायत समिति के प्रतिनिधि अशोक लाल सहित अन्य पंचायत समिति सदस्य एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि की गई। प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने, योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने तथा आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पंचायत समिति की बैठक को स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के चयन, निगरानी और बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



