दैनिक समाज जागरण 20.08.2025 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
जमशेदपुर सिंहभूम डाक मंडल द्वारा सिदगोड़ा टाउन हॉल में मंथन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में मंडल के सभी वरीय डाकपाल, डाकपाल, उपडाकपाल तथा शाखा डाकपाल शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री आर. वी. चौधरी, निदेशक डाक सेवाएं झारखंड परिमंडल रहे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अमित कुमार, उप मंडलीय प्रबंधक (डाक जीवन बीमा), झारखंड परिमंडल उपस्थित थे।
वरिष्ठ डाक अधीक्षक श्री उदयभान सिंह ने विशिष्ट अतिथि का स्वागत पौधा भेंट कर किया। वहीं, उप डाक अधीक्षक श्री सुधीर कुमार ने भी पौधा देकर विशिष्ट अतिथि का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद केंद्रीय विद्यालय के छात्र श्री महाली ने गणेश वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिन्हें डाक विभाग द्वारा सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि श्री आर. वी. चौधरी ने “मंथन” पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में प्रत्येक कर्मचारी को निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभवों के जरिए उपस्थित कर्मचारियों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर 9 जुलाई को मनाए गए महालोगिन दिवस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 विभागीय कर्मियों, ग्रामीण डाक सेवकों और डायरेक्ट एजेंटों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे न केवल कर्मचारियों का उत्साह बढ़ा बल्कि उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा भी मिली।
मंथन कार्यक्रम में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि राज्य सरकार के करार के तहत मतदाता पहचान पत्र (Voter ID) वितरण कार्य सही और समयबद्ध ढंग से किया जाए। इसके साथ ही आगामी 24 सितंबर को महालोगिन डे के लिए “जितना वेतन उतना इंसेंटिव” का स्लोगन दिया गया और सभी कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री आर. वी. चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि श्री अमित कुमार को साल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, उत्साह और सामूहिक ऊर्जा देखने को मिली।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



