समाज जागरण
मीरजापुर / जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में तथा पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र कराए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की ही नहीं बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएं। उन्होंने कहा कि कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, ओवरलोडिंग पर नियंत्रण तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने का भी निर्देश दिया। बैठक में परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर प्रस्तुतिकरण दिया गया। दुर्घटनाओं की रोकथाम, त्वरित चिकित्सा सहायता, यातायात प्रबंधन एवं सड़क संकेतकों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निभाए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ कीर्ति कुमार मिश्र, अपर उप जिलाधिकारी गुलाब चन्द्र, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



