google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बिरसा मुंडा के बलिदान और जनजातीय गौरव को किया नमन, शहडोल को 357.71 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यौहारी में जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को किया संबोधित, 82 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

शहडोल, 16 नवंबर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अपने संघर्ष और साहस से ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी थी। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान देश और समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, जिससे देश के जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को शहडोल जिले के ब्यौहारी में आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने शहडोल जिले को 357.71 करोड़ रुपये की लागत के 82 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 8.64 करोड़ रुपये के 10 कार्यों का लोकार्पण तथा 349.07 करोड़ रुपये के 72 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर तथा प्राचीन कोल परंपरा के अनुसार विधि-विधान से पूजन करके किया। कार्यक्रम में सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान का गायन भी हुआ।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, जीवनशैली और वीरता की गाथाओं को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कोल समाज के लोग शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपना देश, अपना राज का उद्घोष करते हुए जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान की लड़ाई लड़ी। वीर बूदु भगत और मदारा महतो जैसे जनजातीय क्रांतिकारियों ने भी अंग्रेजी शासन के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद की सरकारों ने जनजातीय महापुरुषों के योगदान को उचित सम्मान नहीं दिया।

357 करोड़ की परियोजनाओं से विकास को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया और नई परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं में जनजातीय छात्रावासों में डोरमेट्री, शौचालय, स्नानगृह, सीसी रोड, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और बाउंड्रीवॉल सहित विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की योजना बनाते समय जिले का कोई भी क्षेत्र छूटना नहीं चाहिए। सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है।

कटनी से सिंगरौली तक बनेगी फोरलेन सड़क

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ब्यौहारी क्षेत्र और शहडोल जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण, ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क बनाने तथा हनुमान मंदिर तक आवागमन सुगम बनाने के लिए 13 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना को मंजूरी देने की घोषणा की।

इसके अलावा मऊ से चरखारी तक नई सड़क, शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम बनाने की भी घोषणा की। संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। हाथियों के सर्वेक्षण के लिए विशेष टीम शहडोल भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शहडोल में नया औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की जा चुकी है और आगामी समय में दो लाख नए पदों पर रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

हितग्राहियों को बांटे प्रमाण पत्र और सहायता राशि

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के 10 हितग्राहियों को लाभ वितरित किए। स्वामित्व योजना के तहत संजीव गोंड, रतन गोंड और नंदलाल गोंड को स्वामित्व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

स्वरोजगार योजना के अंतर्गत जग्गू बैगा को 20 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक और प्रमाण पत्र दिया गया। वहीं, वनाधिकार अधिनियम के तहत ग्राम नवगांव के जनकधारी सिंह और मनीष सिंह गोंड को अधिकार पत्र प्रदान किए गए।

आजीविका मिशन के अंतर्गत देवा परसापारा सामुदायिक समूह की कविता कोल और गुड़िया कोल को तीन-तीन लाख रुपये की सहायता राशि के चेक एवं प्रमाण पत्र दिए गए।

जनजातीय क्षेत्रों में विकास और रोजगार पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना, नल से जल, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं से जनजातीय क्षेत्रों में जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान लगभग डेढ़ हजार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2002-03 से अब तक लगभग 60 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र में वृद्धि हुई है। मध्य प्रदेश अब बिजली की उपलब्धता के मामले में सरप्लस राज्य बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा दोबारा शुरू करने तथा वन अधिकार पट्टाधारकों को भी नि:शुल्क रजिस्ट्री योजना का लाभ देने की बात कही। उन्होंने बताया कि ग्रामीण आबादी की अब तक 20 लाख 50 हजार संपत्तियों की रजिस्ट्री की जा चुकी है और लक्ष्य 50 लाख रजिस्ट्रियां करने का है।

नक्सलवाद के खात्मे का किया दावा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश ने नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में नक्सलवाद की समस्या को जड़ से समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कभी शहडोल, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी जैसे क्षेत्रों में लोग जाने से डरते थे, लेकिन अब परिस्थितियों में बदलाव आया है।

उन्होंने पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता भी जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों और पशुपालकों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए सरकार प्रयासरत है।

जनजातीय समाज का मनोबल बढ़ा : विधायक शरद कोल

कार्यक्रम में ब्यौहारी विधायक शरद कोल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 181वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति से जनजातीय समाज का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने क्षेत्र के विकास में मुख्यमंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।

सीधी लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सिंगरौली से कटनी रेलमार्ग के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)