:गोविंदपुरा-प्रह्लादगढ़ ओवरब्रिज की सभी लाइटें खराब
: संबंधित विभाग से जल्द समाधान की मांग : अशोक कुमार भारद्वाज
:जिला प्रशासन व संबंधित विभाग को दिया संज्ञान में
दैनिक समाज जागरण, [[ महेन्द्र जावला बहल ]]
भिवानी। देश और प्रदेश में सर्दी तथा कोहरे की दस्तक के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृति सेवा समिति ने सड़क सुरक्षा अभियान, हिट एंड रन कानून जागरूकता एवं आपदा सुरक्षा अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के पहले दिन संस्था ने भिवानी के गोविंदपुरा और प्रह्लादगढ़ गांव के पास स्थित ओवरब्रिज पर खराब पड़ी सभी लाइटों की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। संस्था ने विभाग से मांग की कि ओवरब्रिज पर बंद पड़ी लाइटों को जल्द ठीक करवाया जाए, ताकि कोहरे और अंधेरे के कारण किसी संभावित सड़क दुर्घटना को रोका जा सके।
इस अवसर पर भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता एवं अभियान के संयोजक अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि सर्दी के मौसम में कोहरा वाहन चालकों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में प्रत्येक वाहन चालक को अतिरिक्त सावधानी और सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार, यातायात पुलिस और कानून तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है।
भारद्वाज ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य संबंधित विभागों, विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।
उन्होंने हिट एंड रन कानून के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना होने पर घायलों की सहायता करना, उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध करवाने में सहयोग देना और पुलिस को तुरंत सूचना देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सड़क पर दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए लोगों को आगे आना चाहिए।
अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी, विभागों की जिम्मेदारी और आमजन की जागरूकता से ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सड़क व्यवस्था बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



