google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

नगर परिषद बकहों की लापरवाही से वार्ड नंबर 12 में गहराया जल संकट, पानी के लिए भटक रहे लोग

शहरी क्षेत्र में ग्रामीण इलाकों से भी बदतर हालात, सीएमओ से संपर्क नहीं होने पर नागरिकों में नाराजगी

अमलाई। नगर परिषद बकहों के वार्ड नंबर 12 में पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। क्षेत्र के रहवासियों को पीने और रोजमर्रा के उपयोग के लिए पानी जुटाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। शहरी क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद वार्ड के हालात ग्रामीण इलाकों से भी बदतर नजर आ रहे हैं। पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जिम्मेदारों की ओर से ठोस पहल होती दिखाई नहीं दे रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों का अपेक्षित ध्यान नहीं मिल रहा है। अपनी परेशानी अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए नागरिक नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से मिलने और फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास करते हैं, लेकिन उनका आरोप है कि सीएमओ न तो नियमित रूप से कार्यालय में उपलब्ध रहती हैं और न ही फोन उठाकर लोगों की समस्याएं सुनती हैं। ऐसे में आम नागरिक अपनी शिकायत लेकर आखिर किसके पास जाएं, यह बड़ा सवाल है।

नगर परिषद का दायित्व शहरवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र की समस्याओं का समय पर निराकरण करना है। इसके लिए प्रशासन द्वारा अधिकारियों की नियुक्ति की जाती है, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके और विकास कार्यों को गति मिले। लेकिन वार्ड नंबर 12 में व्याप्त जल संकट और अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाने की शिकायतों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब समाधान की मांग

वार्डवासियों ने मांग की है कि नगर परिषद प्रशासन जल संकट को गंभीरता से लेते हुए पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करे। साथ ही सीएमओ की कार्यालय में उपलब्धता और आम नागरिकों की शिकायतों पर सुनवाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार भटकना न पड़े।

अब देखना होगा कि नगर परिषद प्रशासन वार्ड नंबर 12 के रहवासियों की परेशानी को कब गंभीरता से लेता है और उन्हें पानी जैसी बुनियादी सुविधा से राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।

इनका कहना
कही-कही टैंकर से पानी की सप्लाई दी जा रही है अब नए सिरे से पाइप लाइन बिछ रहे जल्द ही लोगो को समय पर पानी मिलने लगेगा।
मौसमी केवट, अध्यक्ष नगर परिषद बकहो


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)