google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के मसौढ़ी में पुलिस-एसटीएफ और अपराधियों के बीच मुठभेड़

दो कुख्यात गिरफ्तार, एक घायल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ बिहार में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जारी ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत पटना पुलिस और एसटीएफ (STF) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बुधवार अलसुबह मसौढ़ी के चर्मा ग्रामीण सड़क पर पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसटीएफ और मसौढ़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम को किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे अपराधियों की गुप्त सूचना मिली थी। भोर में करीब 4:20 बजे जब पुलिस टीम छापेमारी के लिए निकल रही थी, तभी चर्मा ग्रामीण सड़क पर अपराधियों से उनका आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

अपराधियों द्वारा चलाई गई एक गोली पुलिस की गाड़ी को छूकर निकल गई, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।आत्मरक्षार्थ और अपराधियों को रोकने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला और दो राउंड जवाबी फायरिंग की। पुलिस की सटीक कार्रवाई में बाइक पर पीछे बैठे कुख्यात अशोक पासवान उर्फ बादल पासवान (45 वर्ष), निवासी मनेर, के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

वहीं, बाइक चला रहे दूसरे कुख्यात अजय यादव (47 वर्ष) को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। घायल अशोक पासवान को पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। तलाशी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से एक अवैध रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, ये अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में थे। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि राज्य में अपराध पर नकेल कसने के लिए सरकार के निर्देशों के अनुरूप अभियान जारी रहेगा। फिलहाल, पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क को खंगालने में जुटी है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुँचा जा सके। इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)