33 केवी सब स्टेशन अमलाई मोहड़ा में अतिक्रमणकारियों का कब्जा

अमलाई बंगवार उपक्षेत्र सवेरिया की लापरवाही उजागर

बरगवां। अमलाई मोहड़ा स्थित 33 केवी सब स्टेशन परिसर में अतिक्रमण और सुरक्षा में भारी लापरवाही का मामला सामने आया है। सुरक्षा के लिए बनाई गई चारदीवारी को तोड़कर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर मकान निर्माण किए जाने तथा बाउंड्री वॉल के अंदर भवन का दरवाजा खोलने से विद्युत उपकरणों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है।

जानकारी के अनुसार एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत बंगवार अमलाई उपक्षेत्र सवेरिया के तहत आने वाला 33 केवी सब स्टेशन पूरे कॉलोनी क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था का प्रमुख केंद्र है। विद्युत उपकरणों और ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसईसीएल प्रबंधन द्वारा चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया था।

इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों ने बाउंड्री वॉल को तोड़कर अंदर तक कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं, भवन निर्माण के साथ बाउंड्री के भीतर दरवाजा लगाकर आवागमन की व्यवस्था भी कर ली गई है। इससे सब स्टेशन परिसर में रखे महंगे ट्रांसफार्मर एवं अन्य विद्युत मशीनरी उपकरण असुरक्षित हो गए हैं और चोरी जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है तथा आसपास घनी आबादी और रिहायशी मकान होने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। अतिक्रमणकारियों द्वारा एसईसीएल की भूमि पर लगातार अवैध कब्जा किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

लोगों ने प्रशासन एवं एसईसीएल प्रबंधन से तत्काल कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने और सब स्टेशन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)