समाज जागरण / विजय कुमार अग्रहरी
सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के टेढ़ा गांव में सोमवार शाम तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक के दौरान एक किसान की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद करीब तीन घंटे तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 62 वर्षीय धनधारी यादव घर से लगभग एक किलोमीटर दूर पशुओं को चराने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और वह आकाशीय बिजली की चपेट में आकर अचेत हो गए। खेत में मौजूद अन्य चरवाहों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें घर लाया गया।
परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। हालत गंभीर होने पर परिजन शाम करीब छह बजे निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भतीजे संजय कुमार ने बताया कि 13 मई को उनकी नातिन की बारात आने वाली थी और पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय पर एंबुलेंस सुविधा मिल जाती, तो संभवतः उनकी जान बचाई जा सकती थी।
घटना के बाद ग्रामीणों में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही को लेकर आक्रोश व्याप्त है। परिजनों का कहना है कि तीन घंटे तक एंबुलेंस के इंतजार ने एक व्यक्ति की जिंदगी छीन ली।
मृतक धनधारी यादव अपने पीछे दो पुत्र और पांच विवाहित पुत्रियां छोड़ गए हैं। समाचार लिखे जाने तक शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में रखा हुआ था।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



