बरसात में नाव और सुखाड़ में चंदे से बनी चचरी पुलिया के सहारे आवागमन, आवेदन पर आवेदन के बावजूद जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की चुप्पी से ग्रामीणों में आक्रोश
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
टेढ़ागाछ (किशनगंज)। आजादी के दशकों बाद भी टेढ़ागाछ प्रखंड की चिल्हनियां पंचायत स्थित सुहिया रेतुआ नदी पर आरसीसी पुल का निर्माण नहीं होना विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है। नदी पर स्थायी पुल नहीं होने के कारण आसपास के गांवों के हजारों लोगों को आज भी जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। विडंबना यह है कि ग्रामीण वर्षों से पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन सांसद, विधायक, विधान पार्षद और जिला प्रशासन तक बार-बार गुहार लगाने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आई है।
नदी पर पुल नहीं होने से बरसात के दिनों में ग्रामीणों को नाव के सहारे नदी पार करनी पड़ती है, जबकि पानी कम होने पर आपसी चंदा इकट्ठा कर बांस की चचरी पुलिया बनाई जाती है। इसी अस्थायी व्यवस्था के भरोसे ग्रामीण अपनी रोजमर्रा की जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं। सवाल यह है कि जब ग्रामीण अपने पैसे से हर साल चचरी पुलिया बनाने को मजबूर हैं, तो संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी आखिर कहां रह जाती है?
इस समस्या का सबसे भयावह असर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ता है। बच्चों को प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय जाने के लिए जोखिम भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। वहीं, किसी के बीमार पड़ने या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर अस्पताल पहुंचना भी बड़ी चुनौती बन जाता है। जिला मुख्यालय और प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने में भी ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही बुनियादी समस्याएं भुला दी जाती हैं। सुहिया रेतुआ नदी पर पुल निर्माण इसका जीता-जागता उदाहरण है। वर्षों से आवेदन देने के बावजूद यदि पुल निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो यह क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के प्रति जिम्मेदार तंत्र की उदासीनता को दर्शाता है।
स्थानीय ग्रामीण अनिरुद्ध प्रसाद साह, वीरेंद्र प्रसाद यादव, खलील अंसारी, बालेश्वर यादव, अतीक अंसारी, विनोद कुमार यादव, भीम प्रसाद सिंह, दीपलाल मांझी, रामनाथ सिंह, कैलाश बोसाक, गंगा प्रसाद राम, मायानंद मंडल, तमिजुद्दीन, उद्यानंद मंडल, बीरबल अंसारी एवं हरिप्रसाद मंडल सहित अन्य लोगों ने जिला पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों से अविलंब पहल कर सुहिया रेतुआ नदी पर आरसीसी पुल निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब देश विकास की नई ऊंचाइयों की बात कर रहा है, तब उनके गांव के लोग आज भी नदी पार करने के लिए नाव और बांस की चचरी पर निर्भर क्यों हैं? पुल का निर्माण केवल आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और पूरे इलाके के विकास से जुड़ा सवाल है। अब जरूरत आश्वासन और कागजी कार्रवाई की नहीं, बल्कि स्थल निरीक्षण, तकनीकी सर्वे और निर्माण की ठोस पहल की है। देखना होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि ग्रामीणों की इस वर्षों पुरानी मांग को कब तक गंभीरता से लेते हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



