google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

भीषण अगलगी में जमील की गृहस्थी राख, तीन मवेशियों की मौत

चुरली पंचायत के बिरनाबाड़ी गांव में लाखों की संपत्ति जली, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने पहुंचकर की मदद

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
ठाकुरगंज (किशनगंज)। प्रखंड क्षेत्र की चुरली पंचायत के वार्ड संख्या तीन स्थित भट्टा बस्ती बिरनाबाड़ी गांव में देर रात हुई भीषण अगलगी में मोहम्मद जमील का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में घर में बंधे तीन मवेशियों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। अगलगी के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और भोजन का संकट उत्पन्न हो गया है।


घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम और कुर्लिकोट थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो चुकी थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।


घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद प्रतिनिधि अहमद हुसैन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार और कुर्लिकोट थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार से बातचीत कर पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत जल्द राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने अपनी ओर से भी आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया।


वहीं, पंचायत समिति प्रतिनिधि इम्तियाज आलम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र में अग्निशमन वाहन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।


इधर, वार्ड संख्या तीन के वार्ड सदस्य पद के उम्मीदवार मोहम्मद आमिर और वार्ड संख्या चार के वार्ड सदस्य प्रतिनिधि मोहम्मद बहाउद्दीन ने संयुक्त रूप से पीड़ित परिवार के बीच राहत सामग्री वितरित की। इसमें कंबल, मच्छरदानी, चावल, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, मुढ़ी, नमक समेत दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। दोनों ने समाज के युवाओं और सामर्थ्यवान लोगों से भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की।


इस संबंध में अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों को घटनास्थल पर भेजकर क्षति का आकलन कराया जाएगा। जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)