google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

निर्माणाधीन पुल के पास लावारिस मिली शराब लदी बाइक, 89.7 लीटर नेपाली शराब जब्त

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
टेढ़ागाछ (किशनगंज)। टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव में निर्माणाधीन पुल के समीप पुलिस ने लावारिस हालत में खड़ी शराब लदी एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल पर लदे तीन बोरों से 299 बोतल नेपाली देशी शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा 89.7 लीटर बताई गई है। पुलिस ने मोटरसाइकिल के साथ एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और एक जोड़ी प्लास्टिक की चप्पल भी बरामद की है।


अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि 18 नवंबर की रात करीब 10:51 बजे ग्रामीणों से सूचना मिली कि पोखरिया गांव में निर्माणाधीन पुल के पास शराब लदी एक मोटरसाइकिल गिरी हुई है। सूचना मिलने पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। रात करीब 11:45 बजे मौके पर पहुंचने पर सड़क किनारे जलकुंभी के पास काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल गिरी हुई मिली। उस पर तीन बोरे लदे थे।


पुलिस ने स्वतंत्र गवाह मो. कैफ और मो. रेहान की मौजूदगी में मोटरसाइकिल एवं बोरों की तलाशी ली। इस दौरान हरे रंग के बोरे से 88 बोतल फाइटर ब्लैक देशी शराब, पीले रंग के बोरे से 31 बोतल फाइटर ब्लैक और 60 बोतल रेशम लीची देशी शराब तथा जूट के बोरे से 120 बोतल रेशम लीची नेपाली देशी शराब बरामद की गई। सभी बोतलों में 300-300 मिलीलीटर शराब थी। इस प्रकार कुल 299 बोतलों में 89.7 लीटर शराब जब्त की गई।


पुलिस ने शराब, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और चप्पल की विधिवत जब्ती सूची तैयार की। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर ई-साक्ष्य ऐप पर अपलोड की गई। अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के तहत मोटरसाइकिल के चालक और स्वामी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)