समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के मोनिउल हक स्टेडियम परिसर में स्थित कदमकुआं थाना के अस्थायी मालखाने में अचानक आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 6 बजे हुई, जब स्टेडियम में बच्चे क्रिकेट की प्रैक्टिस में लगे थे और कुछ छात्र पढ़ाई कर रहे थे। अचानक उठते धुएं और तेज लपटों को देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। स्टेडियम के एक कोने से सबसे पहले धुआं दिखा, जिसे शुरुआत में सामान्य मान लिया गया। लेकिन देखते ही देखते धुआं गहरी लपटों में बदल गया। तुरंत ही बच्चों और स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में कदमकुआं थाना प्रभारी संतोष कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उसके बाद अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां पहुंचीं और संयुक्त प्रयास से आग पर नियंत्रण पाया गया। जब तक आग को नियंत्रित किया गया, तब तक मालखाने में रखी दो जब्त कारें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं। इसके साथ ही आशंका जताई जा रही है कि कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य जब्त सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि आग के कारणों और नुकसान का सही अनुमान लगाया जा सके। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि अधिकारी इस बात पर जोर दे रहे हैं कि सही कारण की पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही की जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा कर्मियों को आगे भी सतर्क रहने का निर्देश दिया। कदमकुआं थाना प्रभारी ने बताया कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। उन्होंने कहा कि शॉर्ट सर्किट सहित सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



