विद्यार्थियों ने सीखा आपात स्थिति में जीवन बचाने का हुनर, प्राथमिक उपचार का कराया गया व्यावहारिक प्रदर्शन
समाज जागरण/ अकबर अली
शक्तिनगर/ सोनभद्र। डीएवी पब्लिक स्कूल खड़िया में एनसीएल खड़िया परियोजना के तत्वावधान में सेफ्टी ट्रेनिंग के द्वितीय चरण के अंतर्गत फर्स्ट-एड एवं सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार एवं जीवन रक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में खड़िया परियोजना के नोडल ऑफिसर श्री अमरेंद्र जी एवं चिकित्सा अधिकारी श्री पांडेय जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ एआरओ/प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय ने किया।
अपने संबोधन में प्राचार्या ने कहा कि “प्राथमिक उपचार जीवन रक्षा की प्रथम कड़ी है। जीवन बहुमूल्य है और इसे सुरक्षित रखना हमारी पहली जिम्मेदारी है।” उन्होंने स्वस्थ शरीर को स्वस्थ मस्तिष्क के विकास का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कक्षा सातवीं एवं आठवीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। खड़िया परियोजना के चिकित्सा अधिकारी श्री पांडेय ने विद्यार्थियों को फर्स्ट-एड एवं सीपीआर के साथ-साथ विभिन्न आपात स्थितियों में किए जाने वाले प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को जलने पर प्राथमिक उपचार, हड्डी टूटने की स्थिति में उपचार, रक्तस्राव रोकने के उपाय, कुत्ते के काटने पर प्राथमिक उपचार तथा पल्स रेट की जांच सहित कई महत्वपूर्ण विषयों के बारे में बताया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को विभिन्न प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया, जिससे वे आपात स्थिति में सही कदम उठा सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को फर्स्ट-एड से संबंधित पुस्तक एवं प्राथमिक उपचार किट भी प्रदान की गई। प्रशिक्षण को विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया गया।
विद्यालय परिवार ने इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन के लिए एनसीएल खड़िया परियोजना का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में दूसरों की सहायता करने की भावना को और मजबूत किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



