google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के बिहटा ड्राई पोर्ट पर पहली बार पहुंचा इंडोनेशिया से कच्चा माल

उद्योग जगत के लिए बड़ा दिन

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ बिहार में उद्योग और आयात-निर्यात (एक्जिम) गतिविधियों के विस्तार की दिशा में सोमवार को एक ऐतिहासिक सफलता मिली। बिहटा स्थित प्रिंसटन मगध इनलैंड कंटेनर डिपो (ड्राई पोर्ट) में सोमवार की शाम पहली बार इंडोनेशिया से फैक्ट्री का कच्चा माल लेकर 45 रैक वाली एक मालगाड़ी पहुंची। इस खास उपलब्धि पर ड्राई पोर्ट के अधिकारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना की और नारियल फोड़कर मालगाड़ी का स्वागत किया।

प्रिंसटन ड्राई पोर्ट के सेल्स मैनेजर इंचार्ज विपुल कुमार ने बताया कि पहली बार इंडोनेशिया से ‘प्रिंस पाइप फैक्ट्री’ का कच्चा माल 45 रैक में लोड होकर कोलकाता बंदरगाह के रास्ते बिहटा ड्राई पोर्ट पहुंचा है। यहां कस्टम क्लीयरेंस (सीमा शुल्क निकासी) की सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इस कच्चे माल को सड़क मार्ग से बिहार की विभिन्न फैक्ट्रियों में भेजा जाएगा।बिहार और केंद्र सरकार के संयुक्त सहयोग से स्थापित इस ड्राई पोर्ट के चालू होने से अब विदेशों से सीधे माल मंगाना और यहां से निर्यात करना बेहद आसान हो गया है। इससे पहले बिहार की फैक्ट्रियों के लिए कच्चा माल कोलकाता बंदरगाह से सड़क मार्ग (ट्रकों) के जरिए लाया जाता था, जिससे समय बहुत ज्यादा लगता था और परिवहन लागत भी काफी अधिक आती थी।

अब सीधे मालगाड़ी से बिहटा माल पहुंचने से उद्यमियों को भाड़े और समय दोनों में बड़ी राहत मिलेगी। सेल्स मैनेजर इंचार्ज ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में ईरान-अमेरिका तनाव के कारण वैश्विक आयात-निर्यात प्रभावित हुआ था, लेकिन अब स्थितियां तेजी से सामान्य हो रही हैं। वर्तमान में बिहटा ड्राई पोर्ट के जरिए बिहार का चावल सीधे दुबई भेजा जा रहा है, वहीं दुबई समेत अन्य खाड़ी देशों से भी व्यापारिक माल यहां पहुंचने लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि बिहटा ड्राई पोर्ट की इस सक्रियता से बिहार में लॉजिस्टिक्स क्षेत्र मजबूत होगा और वैश्विक मानचित्र पर राज्य की औद्योगिक गतिविधियों को एक नया बढ़ावा मिलेगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)