परिजनों के बीच मचा कोहराम
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के पटना-बख्तियारपुर पुरानी एनएच सड़क हाईवे पर हरदासविघा के पास सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध मजदूर की जान चली गई। घटना उस समय हुई जब बख्तियारपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल वृद्ध को आनन-फानन में इलाज के लिए फतुहां सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने फौरन इस सड़क दुर्घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही खुसरूपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। वहीं हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। वृद्ध का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतक की पहचान नालंदा जिले के वेना थाना क्षेत्र स्थित सिरनामा गांव निवासी बुंदेल चौहान (60 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वह हरदासविघा के ही एक ईंट भट्ठे में मजदूरी का काम करते थे और यहीं रहकर गुजर-बसर कर रहे थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से गाड़ी सहित फरार होने में कामयाब रहा। स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और चश्मदीदों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



