विवेक कुमार दैनिक समाज जागरण संवाददाता
निगोहां। लखनऊ,गुरुवार को निगोहां के टोल प्लाजा के समीप खेल प्रेमियों के लिए उत्साह और जोश से भरा माहौल देखने को मिला, जब 8वें भोले बाबा क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व स्वतंत्र प्रभार मंत्री स्वाति सिंह, उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय रियल एस्टेट विकास परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. अजय पाण्डेय सत्यम एवं श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान मैदान तालियों और नारों से गूंज उठा।उद्घाटन मुकाबला बाबा बारुदी और किंग इलेवन आमिर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर किंग इलेवन ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी बाबा बारुदी की टीम ने आक्रामक प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 183 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग इलेवन आमिर की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम 14.3 ओवर में 143 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार बाबा बारुदी की टीम ने 39 रनों से शानदार जीत दर्ज की।
मैच के हीरो रहे अरविंद, जिन्होंने मात्र 35 गेंदों में शतकीय पारी (100 रन) खेलकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उनके इस विस्फोटक प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।इस मौके पर निगोहां प्रेस क्लब के संरक्षक मुकेश द्विवेदी, लालपुर के पूर्व प्रधान ज्ञानेंद्र बहादुर सिंह, परसपुर ठट्टा के पूर्व प्रधान नवनीत सिंह, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपू बाजपेई सहित अरुण सिंह, मुरारी सिंह राठौर, अमर सिंह, रोहित तिवारी, आशु नेता, अखंड प्रताप सिंह, शनि सैनी, स्वप्निल पाण्डेय समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।टूर्नामेंट के आयोजक किसान नेता अनमोल तिवारी ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर एवं फूलमाला पहनाकर भव्य स्वागत-सम्मान किया। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट में जनपद लखनऊ, रायबरेली सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र खेलमय माहौल में नजर आया। खास बात यह रही कि मुकाबले का लाइव प्रसारण भी किया जा रहा है, जिसे लाखों दर्शकों ने ऑनलाइन देखा।आयोजकों के अनुसार आने वाले दिनों में होने वाले मुकाबले और भी रोमांचक होंगे, जिससे निगोहां क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को नया मंच और पहचान मिलेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



