विजय शंकर पाण्डेय/समाज जागरण
सोनभद्र। शासन द्वारा धान खरीद का लक्ष्य ।बढ़ाए जाने के बाद घोरावल तहसील क्षेत्र के विभिन्न धान क्रय केंद्रों पर धान की तौल शुरू हो गई है। इससे क्रय केंद्रों पर धान लदा ट्रैक्टर लेकर इंतजार कर रहे किसानों ने राहत की सांस ली है। वहीं पूर्व विधायक रमेशचंद्र दुबे ने क्रय केंद्र घोरावल मंडी में पहुंच कर धान खरीद में किसानों को हो रही समस्याओं पर आक्रोश जताया।
घोरावल तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थान पर एक दर्जन से अधिक धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1 नवंबर 2025 से धान खरीद की जा रही है। सोनभद्र जिले के लिए सरकार ने 1080000 कुंतल खरीद का लक्ष्य रखा था जिसे बीते दिनों पूरा कर लिया गया था। लक्ष्य पूरा हो जाने के बाद पोर्टल बंद हो गया था, जिससे किसानों में आक्रोश था। इसका संज्ञान लेकर शासन ने अब धान खरीद का लक्ष्य 170000 कुंतल बढ़ाकर 12.50 लाख कर दिया गया है। इसके बावजूद किसानों का आरोप है कि उनसे धान खरीद नहीं की जा रही है। लालता, रामधनी, सुखनंदन इत्यादि किसानों ने बताया कि उनका धान क्रय केंद्र पर खड़ा है, जिसकी तौल नहीं की जा रही है। किसानों की समस्याओं को लेकर मौके पर पहुंचे रमेश चंद्र दुबे ने धान क्रय केंद्र प्रभारी से आक्रोश जताया और मांग किया कि सभी किसानों के धान का तौल कराया जाए।
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी दीपक वशिष्ठ ने बताया कि जिले में 10.80 लाख कुंतल धान खरीद किया जा चुका है। लक्ष्य पूरा होने के बाद कुछ दिन पोर्टल बंद होने से खरीद प्रभावित हुआ था। शासन द्वारा 1.70 लाख कुंतल धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाए जाने के बाद से अब पोर्टल शुरु हो गया है। एक केंद्र पर 200 कुंतल धान खरीद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घोरावल तहसील में कुल 25000 किसानों ने धान खरीद के लिए पंजीकरण कराया था। अभी तक 11000 किसानों का धान क्रय किया गया है। पैदावार के सापेक्ष लक्ष्य कम होने से दिक्कत हो रही है। धान बेचने के इच्छुक किसानों को टोकन दिया गया है। टोकन नंबर से किसानों की धान खरीद की जा रही है।



