google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

कुलपति का औचक निरीक्षण के दौरान चार शिक्षक-कर्मी नदारद

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय प्रशासन शैक्षणिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और कॉलेजों में अनुशासन कायम रखने के लिए सख्त रुख अपना रहा है। इसी क्रम में कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह द्वारा कॉलेजों में औचक निरीक्षण का सिलसिला लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को कुलपति ने नालंदा जिले के किसान कॉलेज, सोहसराय और नालंदा कॉलेज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक स्तर पर भारी लापरवाही सामने आई। किसान कॉलेज में औचक निरीक्षण के समय प्राचार्य प्रो. दिवांशु कुमार, बर्सर आनंद शंकर समदर्शी, समाज शास्त्र विभाग के डॉ. विजय कुमार और अवधेश कुमार द्विवेदी ड्यूटी से नदारद मिले।

वहीं, नालंदा कॉलेज में स्थिति और भी खराब दिखी, जहाँ निरीक्षण के समय कक्षाएं पूरी तरह बंद पाई गईं। अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों और शिक्षकों के प्रति कुलपति ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन सभी से 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. सिंह ने स्नातक (UG) सेमेस्टर-4 की चल रही परीक्षाओं की व्यवस्था का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा में पूर्ण गोपनीयता और पारदर्शिता बरतने के सख्त निर्देश दिए।

इसके साथ ही, उन्होंने कॉलेजों में पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, स्वच्छता और विद्यार्थियों को मिलने वाली अन्य आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। इस दौरान कुलपति ने कॉलेज के छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना।विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अबु बकर रिजवी ने बताया कि शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह औचक निरीक्षण की प्रक्रिया महज एक दिखावा नहीं है, बल्कि यह भविष्य में भी जारी रहेगी। विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जाएगा ताकि शिक्षण व्यवस्था में सुधार लाया जा सके और लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)